
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर रवीन्द्र भवन सभागार, साकची में जिले के सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों की जियो फेंसिंग के लिए एक दिवसीय हैंड ऑन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में बीएलओ सुपरवाइजर, अमीन, आवास समन्वयक और कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हुए। सभी को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रियंका सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा किया गया।

प्रशिक्षण में मिली तकनीकी जानकारी और फील्ड अभ्यास
प्रशिक्षण सत्र में प्रतिभागियों को नजरी नक्शा, की मैप, गूगल मैप और CAD व्यू की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही टर्मिनल बिंदु, नक्शा की परिभाषा, व्यावहारिक उपयोगिता और CAD व्यू के तकनीकी पहलुओं को पीपीटी के माध्यम से समझाया गया। प्रशिक्षण के बाद 12 टीमों में विभाजित प्रतिभागियों को टैगोर एकेडमी (मतदान केंद्र संख्या 170, 171) और विवेकानंद उच्च विद्यालय, चेनाब रोड (मतदान केंद्र संख्या 172, 173) पर फील्ड स्तर पर जियो फेंसिंग का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। इस कार्य की जाँच चार करेक्शन टीमों ने की।
समयबद्ध रूपरेखा में होगा जियो फेंसिंग कार्य
प्रशिक्षण के अंत में जियो फेंसिंग प्रक्रिया की तिथि-वार कार्य योजना भी साझा की गई, जो इस प्रकार है:
बीएलओ और सुपरवाइजर प्रशिक्षण – 16 जून से 21 जून 2025
नजरी नक्शा और टर्निंग पॉइंट तैयार करना – 23 जून से 28 जून 2025
AERO/ERO द्वारा जांच – 1 जुलाई से 5 जुलाई 2025
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को डेटा व नक्शा भेजना – 7 जुलाई 2025
ERO Net पर डेटा अपडेट – 14 जुलाई से 19 जुलाई 2025
पारदर्शिता की ओर एक ठोस पहल
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मतदान केंद्रों की सटीक भौगोलिक स्थिति को चिन्हित कर पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे आगामी चुनावों की योजनाबद्धता, प्रबंधन और निगरानी प्रक्रिया और भी सशक्त होगी।

