
उदित वाणी जमशेदपुर : देहरादून के पॉश इलाके में स्थित सिल्वर मॉल के जिम के बाहर 13 फरवरी को हुई गैंगस्टर विक्रम शर्मा की सनसनीखेज हत्या के 25 दिन बाद भी पुलिस को मामले के मुख्य शूटर और साजिशकर्ताओं का सुराग नहीं मिल पाया है। हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए उत्तराखंड एसटीएफ और देहरादून पुलिस की टीमें लगातार जमशेदपुर में डेरा डाले हुए हैं और संदिग्धों की तलाश में कई इलाकों में दबिश दे रही हैं।
जमशेदपुर में छापेमारी तेज, दो आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस वारदात से जुड़े कई आरोपियों के तार जमशेदपुर से जुड़े हैं। इसी कड़ी में पुलिस टीम ने बागबेड़ा, जुगसलाई और मानगो समेत कई क्षेत्रों में कई बार छापेमारी की है। हालांकि अब तक पुलिस को सीमित सफलता ही मिल पाई है। पुलिस ने जमशेदपुर के गाढ़ाबासा निवासी राजकुमार सिंह और ग्रेटर नोएडा से मोहित उर्फ अक्षत ठाकुर को गिरफ्तार किया है। इसके बावजूद मामले के कई अहम सवाल अभी भी अनसुलझे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि विक्रम शर्मा की हत्या की सुपारी आखिर किसने दी। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि शूटरों को जमशेदपुर से देहरादून तक पहुंचाने में किसने मदद की और इस हत्या से किस आपराधिक गिरोह को सबसे ज्यादा फायदा हुआ।
देहरादून को इसलिए बनाया गया टारगेट
पुलिस जांच और आपराधिक गलियारों में चल रही चर्चाओं के मुताबिक, इस हत्या की साजिश बेहद सुनियोजित तरीके से रची गई थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने पहले जमशेदपुर में ही विक्रम शर्मा को निशाना बनाने की कोशिश की थी, लेकिन उसके समर्थकों की मौजूदगी के कारण योजना विफल हो गई। इसके बाद ग्रेटर नोएडा में भी हत्या की योजना बनाई गई, जो सफल नहीं हो सकी। अंततः आरोपियों ने देहरादून को वारदात के लिए चुना, क्योंकि वहां विक्रम शर्मा एक कारोबारी के रूप में अपेक्षाकृत शांत जीवन जी रहा था और उसके आसपास कोई मजबूत सुरक्षा घेरा या आपराधिक नेटवर्क मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाते हुए शूटरों ने 13 फरवरी को जिम के बाहर उसे गोलियों से भून दिया।
छह आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम
सीसीटीवी फुटेज और पहचान से पुलिस ने छह मुख्य आरोपियों की पहचान की है, जिन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इनमें बागबेड़ा निवासी अंकित वर्मा, आशुतोष सिंह, विशाल सिंह, आकाश कुमार प्रसाद और यशराज सिंह के अलावा मानगो (ओलीडीह) निवासी जितेंद्र कुमार साहू शामिल हैं। पुलिस इन सभी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

