
उदित वाणी, गालुडीह : गालुडीह में स्वर्णरेखा नदी पर स्थित बराज की स्थिति दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है. संरचनात्मक क्षति और पुराने निर्माण के चलते प्रशासन ने भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है. यह निर्णय जनसुरक्षा और बराज की संरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.
नियमों की अनदेखी, मौके पर पकड़ा गया बोरवेल ट्रक
इसके बावजूद शनिवार को एक भारी ट्रक, जिसमें बोरवेल मशीन लदी थी, जादूगोड़ा की ओर से गालुडीह की तरफ आ रहा था. बराज पर तैनात पुलिस ने ट्रक को समय रहते रोक लिया और चालक को नियमों की जानकारी दी.
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को तत्काल जादूगोड़ा की ओर वापस भेज दिया. बताया जा रहा है कि बोरवेल मशीन के कारण ट्रक का कुल भार काफी अधिक था, जो जर्जर बराज पर गुजरने की स्थिति में संभावित दुर्घटना या संरचनात्मक नुकसान का कारण बन सकता था.
क्या प्रशासन को और सख्ती बरतने की जरूरत है?
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि प्रतिबंध के बावजूद भारी वाहनों का प्रयास चिंताजनक है. वे मांग कर रहे हैं कि बराज पर सीसीटीवी निगरानी और नियमित गश्ती बढ़ाई जाए, ताकि ऐसे प्रयासों पर पूर्ण विराम लगाया जा सके.

