
उदित वाणी, जमशेदपुर : भारत सरकार की महारत्न कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड ने धनतेरस और दीपावली के शुभ अवसर पर सीएनजी वाहनों की खरीद को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष त्योहारी योजना की घोषणा की है. इस योजना का शुभारंभ गेल ने मारुति के बिष्टुपुर शोरूम से किया.
गेल के प्रभारी अधिकारी एवं महाप्रबंधक श्री गौरीशंकर ने बताया कि स्वच्छ पर्यावरण एवं गैस आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह योजना लाई गई है. हाल ही में जमशेदपुर में सीएनजी की कीमतों में ₹1.50 प्रति किलो की कमी की गई है, जो उपभोक्ताओं के लिए “दूसरा त्यौहार का उपहार” है.
इस योजना के तहत पूरबी सिंहभूम जिले में रजिस्टर्ड नए वाहन खरीदारों को विशेष लाभ दिया जाएगा:
– कार, टैक्सी, बस और वैन के लिए ₹25,000 मूल्य की सीएनजी गैस (लगभग 5,000–7,000 किलोमीटर तक चलने योग्य) मुफ्त में प्राप्त होगी.
– ऑटो रिक्शा के लिए ₹15,000 मूल्य की सीएनजी गैस (लगभग 5,000 किलोमीटर तक चलने योग्य) मुफ्त में मिलेगी.
वाहन डीलर द्वारा रजिस्टर्ड वाहनों का विवरण गेल को प्रदान किया जाएगा और पात्र उपभोक्ताओं को स्कीम के तहत लाभ प्रदान किया जाएगा.
श्री गौरीशंकर ने धनतेरस और दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना सभी श्रेणी के नए सीएनजी वाहनों — बस, टैक्सी, ऑटो, कार या मालवाहक — के लिए लागू है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस पर्व पर नया सीएनजी वाहन खरीदकर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें तथा स्वच्छ दीपावली मनाएं.
इस पहल से न केवल पर्यावरण बेहतर होगा बल्कि उपभोक्ताओं को भी आर्थिक लाभ मिलेगा, जिससे सीएनजी वाहनों की मांग बढ़ेगी और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में देश को मजबूत बनाया जा सकेगा.

