
उदित वाणी, जमशेदपुर : माघ माह के स्नान-दान की पूर्णिमा तिथि पर मारवाड़ी युवा मंच, जमशेदपुर शाखा ने नर सेवा नारायण सेवा के तहत गोविंदपुर निवासी एक जरूरतमंद बुजुर्ग को निःशुल्क श्रवण यंत्र प्रदान किया. सुनने में गंभीर परेशानी झेल रहे इस बुजुर्ग की जानकारी मंच को युवा प्रीतेश जैन के माध्यम से मिली थी.
सूचना पाते ही प्रीतेश जैन ने शाखा अध्यक्ष युवा विकास शर्मा से संपर्क किया. मामले की गंभीरता समझते हुए शर्मा ने तत्काल संज्ञान लिया और मंच की ओर से श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने का निर्णय लिया. यह सराहनीय कार्य सक्रिय सदस्य युवा रवि शंकर शर्मा के सौजन्य से संपन्न हुआ. उन्होंने अपनी दिवंगत माता जी की स्मृति में इस सेवा को अंजाम दिया, जो समाज के प्रति उनके दायित्व का भावपूर्ण निर्वाहन है.
कार्यक्रम जमशेदपुर के प्रसिद्ध बेल्डीह काली बाड़ी मंदिर में ईश्वर के समक्ष संपन्न हुआ. इससे बुजुर्ग को न केवल सुनने की सुविधा मिलेगी, बल्कि उनके जीवन की गुणवत्ता में भी सकारात्मक बदलाव आएगा. मंच परिवार हमेशा की तरह समाज सेवा के लिए निःस्वार्थ भाव से तत्पर है.
कार्यक्रम में अध्यक्ष युवा विकास शर्मा, सहसचिव युवा उत्तम शर्मा, सदस्य युवा रवि शंकर शर्मा, युवा विजय कुमार शर्मा एवं युवा प्रीतेश जैन ने सक्रिय योगदान देकर इसे सफल बनाया.

