
उदित वाणी, जमशेदपुर: कपाली ओपी क्षेत्र में सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे पुलिस गश्ती दल ने एक स्कूटी पर सवार चार नाबालिग युवकों को रोककर जांच की। देर रात एक ही वाहन पर चार लोगों के सवार होने और किसी के भी हेलमेट नहीं पहनने पर पुलिस को संदेह हुआ।
जांच के दौरान सामने आया कि स्कूटी चला रहे किशोर सहित चारों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। पुलिस के अनुसार नाबालिग बिना लाइसेंस, बिना हेलमेट और चार सवारी बैठाकर वाहन चला रहे थे, जो मोटर वाहन अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है। इसे गंभीर यातायात नियम उल्लंघन मानते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
स्कूटी को जब्त कर लिया गया है। विभिन्न धाराओं के तहत कुल 32,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। मामले में अभियोजन की प्रक्रिया पूरी कर प्रकरण न्यायालय भेज दिया गया है। पकड़े गए चारों नाबालिग जाकिरनगर और आजादनगर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

