
उदित वाणी,जमशेदपुर: फाउंडर्स डे के अवसर पर Ratan Tata का एक विशेष पोर्ट्रेट जुबली पार्क में जेएन टाटा (JN Tata) की प्रतिमा के सामने स्थापित किया जाएगा. यह आयोजन जेएन टाटा की 187वीं जयंती समारोह के तहत 3 मार्च को किया जाएगा.
यह वर्टिकल पोर्ट्रेट 18 फीट × 22 फीट के आकार का होगा, जिसे लगभग एक लाख फूलों से तैयार किया जाएगा. यह पोर्ट्रेट प्रतिमा क्षेत्र में लगाया जाएगा और समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेगा. इस कलाकृति को जमशेदपुर के एक स्थानीय कलाकार द्वारा डिजाइन किया जा रहा है.
यह विशेष पुष्प-चित्र पूर्व टाटा सन्स चेयरमैन रतन टाटा के सम्मान में तैयार किया जा रहा है, जिनका 9 अक्टूबर 2024 को निधन हो गया था.
पिछले वर्ष रंगोली, इस वर्ष वर्टिकल पोर्ट्रेट
Tata Steel UISL के जनरल मैनेजर RK Singh ने जानकारी दी कि “पिछले वर्ष फूलों से एक बड़ी रंगोली बनाई गई थी. इस वर्ष हम एक वर्टिकल पोर्ट्रेट तैयार कर रहे हैं.”
‘वन विज़न, वन टाटा स्टील’ थीम पर होगा फाउंडर्स डे
स्टील सिटी जमशेदपुर में जमशेदजी नौशेरवानजी टाटा (3 मार्च 1839 – 19 मई 1904) , टाटा स्टील और जमशेदपुर के संस्थापक, की 187वीं जयंती 3 मार्च 2026 को मनाई जाएगी. इस वर्ष फाउंडर्स डे “One Vision, One Tata Steel” थीम पर मनाया जाएगा, जो संगठन में एकता और एकीकरण को रेखांकित करता है.

