
उदित वाणी जमशेदपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के दयाल ट्रेड सेंटर के पास स्थित निर्मला डिपार्टमेंटल स्टोर में रविवार देर रात आग लग गई। घटना रात करीब 11:30 बजे की है। बताया जाता है कि दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग भड़क उठी। उसी समय पास के एक मकान में रहने वाले राहुल माणिक ने स्टोर से धुआं निकलते देखा। उन्होंने तुरंत दुकान के संचालक राहुल को फोन कर घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही संचालक राहुल अपने सहयोगी के साथ मौके पर पहुंचे और पानी व अग्निशामक यंत्र की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर सहायता की। सभी के सामूहिक प्रयास से आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को भी दी गई। सूचना पाकर दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया था।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट था। हालांकि आग से दुकान में रखे कुछ सामानों को आंशिक नुकसान हुआ है। देर रात हुई इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई थी, लेकिन समय पर उठाए गए कदमों के कारण जनहानि नहीं हुई। पुलिस और फायर विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा नुकसान लगभग 5 से 10 लाख का बताया जा रहा है।

