
उदित वाणी, जमशेदपुर: लोयोला स्कूल के प्राचार्य फादर पायस फर्नांडिंस को सेवानिवृत्त होने पर शनिवार को स्कूल में विदाई दी गई. एक अप्रैल 2023 को उनका अंतिम कार्यदिवस था.
स्कूल के शिक्षकों व विद्यार्थियों ने पूरे लोयोला टीम के साथ फादर पायस फर्नांडीस एस.जे. को विदाई दी. स्कूल परिसर में स्थित फैजी ऑडिटोरियम में उनके लिए भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया. फादर फर्नांडिस ने पूरे 16 साल तक प्रधानाध्यापक के रूप में स्कूल की सेवा की.
इस दौरान स्कूल में न सिर्फ ढांचागत विकास हुआ, बल्कि स्कूल के विद्यार्थियों ने भी पूरे देश में स्कूल का नाम रोशन किया. शनिवार को विदाई समारोह की शुरुआत लोयोला स्कूल के रेक्टर फादर केएम जोसेफ एसजे ने फादर पायस को कार्ड और गुलदस्ते देकर किया.
उनके कार्यकाल की उपलब्धियों व आनंदमय क्षणों को छात्रों और शिक्षकों द्वारा गीतों और नृत्यों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया. इस कार्यक्रम में फादर फर्नांडिस की ओर से लोयोला स्कूल को महान ऊंचाइयों तक ले जाने में उनके अमूल्य योगदान को दर्शाया गया. विद्यार्थियों ने इस दौरान अपने गुरु के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भाषण भी दिया.
इस मौके पर फादर पायस फर्नांडिस ने स्कूल की चाबी औपचारिक तौर पर लोयोला स्कूल के नए प्रिंसिपल फादर विंसेंट विनोद फर्नांडीस एस.जे को सौंप दिए. फादर विंसेंट ने उनकी विरासत को आगे ले जाने की जिम्मेदारी को बखूबी स्वीकार किया. इस मौके पर उपस्थित लोगों ने फादर पायस प्रार्थना की.


