
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुईयाडीह मुर्गा पाड़ा निवासी 24 वर्षीय संजीत कुमार साहू ने 14 मार्च को सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर में अपनी प्रेमिका 21 वर्षीय कशिश कुमारी गुप्ता से प्रेम विवाह कर लिया। शादी के बाद संजीत अपनी पत्नी को लेकर होम पाइप इंद्रा नगर स्थित अपने घर पहुंच गया और दोनों साथ रहने लगे।
बताया जा रहा है कि देर रात जब इस विवाह की जानकारी लड़की पक्ष के परिजनों को मिली तो वे आक्रोशित हो गए। आरोप है कि उसी रात करीब 11:30 बजे पांच लोग संजीत के घर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने पहले घर के गेट को लात मारकर तोड़ दिया और फिर जबरन अंदर घुसकर हंगामा शुरू कर दिया।
घर में घुसते ही दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की होने लगी, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान हुई झड़प में दो लोग घायल हो गए। अचानक हुई इस घटना से आसपास के इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराने की कोशिश की।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मारपीट की घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें शामिल लोगों की भूमिका क्या थी। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

