
उदित वाणी जमशेदपुर : साकची थाना अंतर्गत ठाकुरबाड़ी रोड निवासी विवेक चौधरी को बीते 26 अगस्त की सुबह अज्ञात लोगों ने उनके वाट्सएप पर गाली-गलौज करते हुए 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। विवेक ने तत्काल साकची थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को 4 मिनट का पूरा डिटेल सौंपा है, जिसमें 7:45 से 7:48 बजे के बीच की सभी आपत्तिजनक बातें दर्ज हैं।
वादी विवेक चौधरी ने अपनी शिकायत में मोबाइल नंबर 9142301824 (सनी अग्रवाल) और 8777541524 के धारकों समेत अन्य अज्ञात को आरोपी बनाया है। आरोप है कि इन मोबाइल नंबरों से उन्हें लगातार अपमानजनक भाषा का प्रयोग करते हुए धमकाया गया और 50 हजार रुपये नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।
साकची पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों मोबाइल नंबरों की लोकेशन व उपयोगकर्ताओं की पहचान निकालने में जुटी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विवेक चौधरी और आरोपियों के बीच पहले से कोई विवाद रहा है या फिर यह पूरी तरह रंगदारी वसूली का मामला है।
फिलहाल पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है, जिसमें रंगदारी मांगने का कारण, आरोपियों का आपसी संबंध और धमकी देने के पीछे की मंशा प्रमुख है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जा सकेगा।
