
उदित वाणी, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बेगझरिया गांव के पास बुधवार को सुबह करीब साढ़े 9 बजे हुई सड़क दुघर्टना में एक राजमिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई। वह जोड़शोल गांव निवासी था उसकी पहचान पांडे मुंडा (36 वर्ष) के रूप में हुई है। इस घटना में 8 अन्य लोग घायल हुए हैं जिनमें से बांधघुटु निवासी सालखन किस्कू (25) का दाहिना पैर टूट गया है जबकि उसकी पत्नी सीता किस्कू (30 वर्ष) के सिर, चेहरे एवं शरीर के अन्य हिस्से में चोट है।
अन्य घायलों में श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खड़गाबेड़ा निवासी 18 वर्षीया बूडी मुर्मू (पति मंगला मुर्मू), गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र अंतर्गत हड़ियान निवासी सूरज सरदार (33) व उनकी पत्नी सुकुरमनी सरदार (34), बेटी सोनाली सरदार (9), बेटा लखींद्र सरदार (5) व बेटी केन्यूर सरदार (1 साल) के अलावा 3 अन्य लोग शामिल हैं। हालांकि सूरज सरदार के दोनों छोटे बच्चों को मामूली चोटें आई हैं और सुरक्षित बच गए हैं। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार नरसिंहगढ़ पीएचसी में करने के पश्चात 8 लोगों को एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जबकि 2 अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया है। इस संबंध में घायल राजमिस्त्री सालखन किस्कू ने बताया कि सीमेंट से लदे एक पिकअप वैन में सवार होकर 8 मजदूर समेत 11 लोग एक सरकारी कुआं के ढलाई कार्य में मजदूरी करने के लिए महुलीशोल से करीब 13 किमी दूर पांडुगोड़ा गांव जा रहे थे। पिकअप वैन के चालक ने हड़िया पीने के बाद गाड़ी चलाना शुरू किया जिसके कारण ढलान में तेज रफ्तार से उतरते वक्त दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
सूचना पाकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने मदद करते हुए दो एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। पिकअप वैन में 18 बोरा सीमेंट और बालू भी लदा था। पिछले 4 दिनों से काम चल रहा था और आज फाइनल काम था। मृतक पांडे मुंडा की मौत की सूचना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी के अलावा 3 बेटी एवं 1 छोटा बेटा है। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। सभी लोग स्थानीय ठेकेदार पंकज के काम में लगे थे।


