
उदित वाणी, जमशेदपुर: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त अनन्य मित्तल ने जनता दरबार में आम लोगों से मुलाकात की. इस अवसर पर 70 से अधिक फरियादियों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं. इनमें व्यक्तिगत और सामाजिक मुद्दे शामिल थे. उपायुक्त ने सभी समस्याओं पर समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया और फरियादियों को यह भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान शीघ्र किया जाएगा.

विभिन्न समस्याओं पर चर्चा और त्वरित समाधान
फरियादियों ने कई मुद्दों पर शिकायतें की, जिनमें प्रमुख थे-
• जमीन अधिग्रहण का मुआवजा भुगतान
• चिकित्सा सहायता
• घरेलू विवाद
• भूमि विवाद
• स्थानांतरण संबंधित मामले
• अवैध शिक्षकों का वेतन बंद करने की मांग
• रास्ता अतिक्रमण
• जान से मारने की धमकी देने के मामले
• आंगनबाड़ी केंद्रों में नौकरी की समस्या
• महिला थाना में दिए गए आवेदन पर कार्रवाई न होना
इन सभी मुद्दों पर उपायुक्त ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए और कई मामलों का समाधान ऑन द स्पॉट किया.
समयबद्ध कार्रवाई के लिए निर्देश
उपायुक्त मित्तल ने यह सुनिश्चित किया कि सभी आवेदनों की जांच संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर की जाएगी और कार्रवाई समयबद्ध रूप से की जाएगी. उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रखंड कार्यालय और अन्य विभागों के साथ तालमेल बैठाकर जनता दरबार में प्राप्त सभी शिकायतों का समाधान शीघ्र किया जाए.

