
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास ओवरब्रिज पर मंगलवार देर रात गिट्टी लदा एक डंपर अचानक खराब हो जाने से बुधवार सुबह यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। सुबह ऑफिस समय में करीब डेढ़ घंटे तक ब्रिज पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे स्कूली छात्र-छात्राओं, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जाम में फंसे कई छात्रों ने बताया कि उनकी महत्वपूर्ण परीक्षाएं थीं, लेकिन समय पर स्कूल नहीं पहुंच सके। छात्र आदित्य कुमार ने कहा, “हमारा प्रोजेक्ट मैनेजमेंट का एग्जाम था, लेकिन जाम में फंसने के कारण हम स्कूल नहीं पहुंच पाए।” वहीं, एक अन्य राहगीर महावीर शर्मा ने बताया कि वह ड्यूटी पर जा रहे थे, लेकिन डेढ़ घंटे से जाम में फंसे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ओवरब्रिज के दोनों ओर सड़क किनारे अवैध सब्जी दुकानें लगी रहती हैं, जिससे रास्ता संकरा हो जाता है। जरा सी गड़बड़ी पर भारी जाम लग जाता है। स्थिति यह है कि संकट सिंह पेट्रोल पंप के पास लगे बोर्ड में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक का स्पष्ट उल्लेख है, फिर भी रोजाना ट्रक और डंपर इस मार्ग से गुजरते हैं। यह भी जाम की प्रमुख वजह बन रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के करीब डेढ़ घंटे बाद जुगसलाई ट्रैफिक थाना प्रभारी तपेश्वर बैठा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जाम को खाली कराया। इस देरी पर लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह मुख्य मार्ग है, जहां से रोज हजारों लोग गुजरते हैं, फिर भी ट्रैफिक पुलिस को इतनी देर से सूचना क्यों मिली।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर रोजाना जाम की समस्या रहती है, लेकिन प्रशासन और ट्रैफिक विभाग इसे लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सके।

