
उदित वाणी, जमशेदपुर : डुमरिया थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक अज्ञात व्यक्ति की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई. हत्या के बाद अपराधियों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को झाड़ियों के बीच फेंक दिया. रविवार शाम ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर लिया.
डुमरिया थाना प्रभारी पंचम तिग्गा के बयान पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. थाना प्रभारी ने बताया कि 23 नवंबर की शाम पुलिस को सूचना मिली कि डिबुडीह से बाहादा जाने वाली सड़क के पास झाड़ियों में एक शव पड़ा हुआ है. जानकारी मिलते ही पुलिस टीम पूर्णापानी रोड के नीचे, नदी के ऊपर स्थित घनी झाड़ियों वाले इलाके में पहुंची. वहां एक व्यक्ति का शव संदिग्ध हालत में मिला, जिसके गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के गहरे निशान थे.
पुलिस ने मौके पर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. खबर लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो पाई थी. स्थानीय पुलिस आसपास के गांवों के लोगों से बातचीत कर मृतक की पहचान स्थापित करने की कोशिश कर रही है.
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस संभावित साक्ष्यों की तलाश कर रही है. आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हत्या के समय और संदिग्धों की गतिविधियों का सुराग मिल सके. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मृत्यु के समय और हत्या के तरीके को लेकर और स्पष्ट जानकारी मिलेगी.
फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद जता रही है.

