
उदित वाणी जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर-3 में दो युवकों द्वारा नशे की हालत में बस्ती में उत्पात मचाने और लोगों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने गुरुवार रात कदमा थाना पहुंचकर घेराव किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बस्तीवासियों का आरोप है कि अजय रजक और अमन नाम के दो युवक अक्सर नशे की हालत में इलाके में हंगामा करते हैं। दोनों पर आरोप है कि वे आए दिन लोगों से गाली-गलौज करते हैं, घरों के बाहर तोड़फोड़ करते हैं और विरोध करने पर मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार थाने में शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से दोनों के हौसले बुलंद हैं।
गुरुवार को भी दोनों युवकों ने बस्ती के ही सुभाष नामक व्यक्ति को निशाना बनाया। बताया जाता है कि सेवा सदन के पास सुभाष के साथ पहले गाली-गलौज की गई, इसके बाद उसे पकड़कर घसीटते हुए मारपीट की गई। इस घटना में सुभाष घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
बस्तीवासियों का कहना है कि इन युवकों का एक समूह भी है, जिसके कारण इलाके में महिलाओं और लड़कियों के बीच डर का माहौल बना हुआ है। लोगों ने आरोप लगाया कि दोनों युवक अवैध नशे का सेवन करते हैं। घटना के विरोध में लोगों ने थाना घेरकर जल्द गिरफ्तारी की मांग की और चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर वे बड़ा आंदोलन करेंगे।

