
उदित वाणी जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र स्थित स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट कॉलोनी में सोमवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीले पदार्थ के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो युवकों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से ब्राउन शुगर की कुल 33 पुड़िया बरामद की गई, जिनका कुल वजन 6.56 ग्राम बताया जा रहा है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। गुप्त सूचना के आधार पर उलीडीह पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे कॉलोनी क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान मौके से दो युवकों को हिरासत में लिया गया, जिनकी तलाशी लेने पर उनके पास से नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जम्भूबन महतो और राहुल कुमार पंडित के रूप में हुई है। दोनों चांडिल थाना अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र के तामुलिया निवासी बताए जा रहे हैं।
बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि ब्राउन शुगर की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
इलाके में बढ़ती नशाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए वरीय आरक्षी अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

