
उदित वाणी जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के कुम्हारपाड़ा में गुरुवार सुबह एक दिव्यांग युवक द्वारा कीटनाशक खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान कुम्हारपाड़ा निवासी सूरज प्रसाद (38) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह सूरज प्रसाद का शव उसके कमरे में जमीन पर पड़ा मिला। घटना की जानकारी उसकी पत्नी सोनी ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके से पुलिस ने कीटनाशक की बोतल बरामद की है। इसके अलावा पुलिस को मृतक के मोबाइल फोन से एक वीडियो भी मिला है, जिसमें उसने आत्महत्या करने की बात कही है। पुलिस वीडियो की भी जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार सूरज प्रसाद ने दो शादियां की थीं। उसकी पहली पत्नी पिंकी सोनारी में रहती है, जबकि वह अपनी दूसरी पत्नी सोनी के साथ कुम्हारपाड़ा में रह रहा था। बताया जा रहा है कि करीब छह माह पहले वह एक ट्रेन दुर्घटना का शिकार हो गया था, जिसमें उसके दोनों पैर और एक हाथ कट गए थे। इस हादसे के बाद से वह काफी परेशान और मानसिक रूप से अवसाद में रहने लगा था।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों की भी जांच कर रही है।

