
उदित वाणी, जमशेदपुर : कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की ओर से मंगलवार को सेंटर फॉर एक्सीलेंस में डिजिटल मार्केटिंग पर कार्यशाला का आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि टाटा स्टील के पूर्व चीफ प्रोक्यारमेंट अमिताभ बक्शी ने कहा कि आज के समय में हमें खुद को अपडेट रहने की जरूरत है. उन्होंने डिजिटल कारोबार के लगातार आगे बढऩे में उसकी खासियत को गिनाते हुए शहर के व्यापारियों से कहा कि यदि बाजार में बने रहना हो तो खुद को नए जमाने के साथ तैयार रखें. अपने कारोबार को डिजिटल प्लेटफॉर्म में लाने का प्रयास करें. परम्परागत कारोबार से आगे बढ़ कर खुद को अपडेट नहीं रहेंगे तो आप पीछे छूटते चलें जाएंगे. आज का समय है ‘चूज एंड क्विक ’ का. ग्राहकों को जो पसंद हो, उसे तत्काल उपलब्ध करायें.
समय के साथ बदलना होगा
एक्सएलआरआई जमशेदपुर के मार्केटिंग के प्रोफेसर संजीव वार्ष्णेय ने कहा कि आज ऐसा समय आ गया है कि कारोबार को लेकर पिता व पुत्र में विवाद रहता है, क्योंकि पिता अपने पुराने जमाने के अनुसार परम्परागत कारोबार करना चाहते हैं जबकि पुत्र नए जमाने के अनुसार अपना व्यापार चलाना चाहते हैं. वह अपने कारोबार को समय के अनुसार बनाना चाहता है, जो आज समय की मांग की. उन्होंने एक उदाहरण के रूप में बाथरूम में रखने जाने वाले चीजों के बारे में कहा कि पहले लोग साबुन, सैम्पू रखते थे, आज 10-20 प्रोडक्ट्स रखे जा रहे हैं. यही समय की मांग है. जो युवा वर्ग हैं, वह नए जमाने के अनुसार चलना चाहता है. मौके पर टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी प्रभात शर्मा और कैट के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव सुरेश सोंथालिया, भरत वसानी, महेश सोंथालिया, किशोर गोलछा, दिलीप गोलछा, पीयूष चौधरी, बिट्ठल अग्रवाल, सुनील बागोडिय़ा, पवन शर्मा, नितेश धूत, रामकुमार सिंह, बी एन शर्मा आदि मौजूद थे.
