
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.): कुलुपटांगा, आदित्यपुर–02 स्थित आजाद मैदान में शौचालय के निर्माण की मांग को लेकर कांग्रेसजनों ने प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील की है. इस संबंध में महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष संगीता प्रधान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने उप नगर आयुक्त पारुल सिंह से उनके कार्यालय कक्ष में मुलाकात की और स्थानीय लोगों के हस्ताक्षरित आवेदन सहित ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि आजाद मैदान में सैकड़ों युवक-युवतियां, जिनमें बड़ी संख्या में लड़कियां भी शामिल हैं, प्रतिदिन रक्षा सेवाओं की तैयारी एवं शारीरिक अभ्यास के लिए पहुंचते हैं. शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें गंभीर असुविधाओं का सामना करना पड़ता है, जिससे विशेषकर महिला प्रशिक्षुओं को परेशानी हो रही है.
कांग्रेसजनों ने प्रशासन से मांग की कि मैदान में शीघ्र शौचालय का निर्माण कराया जाए, ताकि अभ्यास करने वाले युवाओं को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें.
इस मौके पर वरीय नेता दिवाकर झा, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष खिरोद सरदार और जसोदा उरांव सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे.

