
उदित वाणी जमशेदपुर : शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं. उलीडीह थाना क्षेत्र के मानगो स्थित हॉलिडे होम फ्लैट के पास साकची पश्चिम भाजपा मंडल अध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह पर अज्ञात बदमाश ने जानलेवा हमला कर दिया. इस घटना में उनके सिर पर वार किया गया, लेकिन हेलमेट पहने होने के कारण उनकी जान बच गई. हालांकि बचाव के दौरान उनके हाथ में गहरा जख्म आ गया, जिसके बाद एमजीएम अस्पताल में उनका उपचार किया गया और डॉक्टरों ने उनके हाथ में छह टांके लगाए.
घटना के संबंध में रंजीत सिंह ने बताया कि बुधवार शाम करीब सात बजे वह अपनी छोटी बच्ची को बाइक पर बैठाकर अपने पिता के घर कुंवर नगर जाने के लिए निकले थे. जैसे ही वह अपने फ्लैट से बाहर निकले, एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और हाथ में एस्बेस्टस का टुकड़ा लेकर उनपर हमला कर दिया. हमलावर ने उनसे पूछा कि “तुम किसके आदमी हो?” और सीधे उनके सिर पर वार कर दिया. हेलमेट की वजह से वह बाल-बाल बच गए, लेकिन दूसरे वार को रोकने के प्रयास में उनका हाथ कट गया. शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे तो बदमाश मौके से फरार हो गया.
घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है. भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा (संजू सिन्हा) समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उलीडीह थाना पहुंचे और अपराधी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. रंजीत सिंह ने मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

