
उदित वाणी, जमशेदपुर : डीबीएमएस कदमा हाई स्कूल के प्रांगण में आयोजित 11वां ज्योति इंटर स्कूल वॉलीबॉल टूर्नामेंट आज उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ. दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न विद्यालयों की 30 टीमों के कुल 360 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें 7 गर्ल्स कैटेगरी, 13 हाई स्कूल बॉयज कैटेगरी और 10 प्लस टू बॉयज कैटेगरी की टीमें शामिल थीं. दोनों दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का शानदार परिचय दिया.
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लोयोला स्कूल, बिस्टुपुर के प्राचार्य फादर विनोद फर्नांडिस उपस्थित थे. उन्होंने विजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किए तथा अपने संबोधन में कहा कि खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करते हैं. उनके साथ ज्योति क्लब के कोऑर्डिनेटर एंथोनी रॉड्रिक्स भी उपस्थित थे.
इस अवसर पर डी.बी.एम.एस. संस्था की ओर से चेयरपर्सन (फाइनेंस) बी. चंद्रशेखर, सचिव अनीता रामकृष्णा, संयुक्त सचिव उषा मालिनी, कोषाध्यक्ष भुवन कृष्णन, संयुक्त कोषाध्यक्षा अरुणा रवि, प्रधानाचार्या गुरप्रीत भामरा, उप-प्रधानाचार्या सुपर्णा राय, एस. शिरीन, खेल विभाग की विभागाध्यक्षा सुप्रभा पांडा, ज्योति क्लब की मॉडरेटर सना यासमीन मिर्जा, शिक्षिका रेणु मुंडा और राकेश कुमार उपस्थित थे.
प्रधानाचार्या गुरप्रीत भामरा ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की. उन्होंने आयोजन समिति, निर्णायकों और शिक्षकों के योगदान को सराहनीय बताया.
गर्ल्स कैटेगरी में प्रथम स्थान डी.बी.एम.एस. इंग्लिश स्कूल ने प्राप्त किया, जबकि द्वितीय स्थान लोयोला स्कूल, बिस्टुपुर और तृतीय स्थान डी.बी.एम.एस. कदमा हाई स्कूल को मिला. हाई स्कूल बॉयज़ कैटेगरी में के.पी.एस. गम्हरिया प्रथम, डी.बी.एम.एस. कदमा हाई स्कूल द्वितीय और डी.पी.एस. साकची तृतीय स्थान पर रहा. वहीं प्लस टू बॉयज कैटेगरी में के.पी.एस. गम्हरिया ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि के.पी.एस. बर्मामाइंस दूसरे और डी.बी.एम.एस. कदमा हाई स्कूल तीसरे स्थान पर रहे.
सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में गर्ल्स कैटेगरी से शैखा शहनवाज़ (डी.बी.एम.एस. बी.एच. एरिया इंग्लिश स्कूल), हाई स्कूल बॉयज़ कैटेगरी से प्रेम कुमार (के.पी.एस. गम्हरिया) और प्लस टू बॉयज कैटेगरी से सुमित कुमार पांडे (के.पी.एस. गम्हरिया) को चुना गया.

