
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर के सबसे सुरक्षित इलाकों में शुमार बिष्टुपुर के सीएच एरिया में दिनदहाड़े हुए अपहरण ने पुलिस के लिए चुनौती खड़ी कर दी है और आम लोगों में दहशत फैला दी है. स्थानीय उद्यमी देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी को अपराधियों ने उनके घर से महज 100 मीटर दूर अगवा कर लिया. घटना इतनी साहसी थी कि आसपास के लोग स्तब्ध रह गए.
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, अपराधी सफेद रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए थे. वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी और ऊपर वीआईपी वाली लाल बत्ती चढ़ाई गई थी, ताकि कोई शक न करे. अपहरण के बाद स्कॉर्पियो फरार हो गई. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और वाहन ट्रैक करने का प्रयास जारी है.
आज विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के महानगर अध्यक्ष अजय गुप्ता अपने पदाधिकारियों के साथ कैरव के चाचा केशव गांधी के घर पहुंचे. मीडिया से बातचीत में अजय गुप्ता ने कहा, “विहिप गांधी परिवार के साथ खड़ी है. हम जिला प्रशासन से मांग करते हैं कि रांची की तर्ज पर कैरव को सकुशल लौटाया जाए.” उन्होंने पूरे राज्य में कार्यकर्ताओं को संदेश भेजा है कि इस मामले में तत्काल कार्रवाई हो.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने मामला दर्ज कर छापेमारी शुरू कर दी है, लेकिन अब तक अपराधियों का सुराग नहीं लगा. इलाके में सनसनी फैल गई है.

