
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में हो रही लगातार बारिश के कारण स्वर्णरेखा और खरकई नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि देखी जा रही है. दोनों प्रमुख नदियाँ अब अपने खतरे के स्तर के बेहद करीब या उससे ऊपर बह रही हैं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. जल संसाधन एवं आपदा प्रबंधन इकाई लगातार निगरानी कर रही है. संभावित बाढ़ की स्थिति को लेकर विशेष सावधानी बरती जा रही है.
जनता से अपील
प्रशासन ने आम लोगों से आग्रह किया है कि वे नदी किनारे जाने से परहेज करें. किसी भी तरह की जनहानि से बचने के लिए सुरक्षित और ऊँचे स्थानों पर शरण लें. विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को नदी क्षेत्र से दूर रखने की सलाह दी गई है.
नदी जलस्तर का आंकलन
स्वर्णरेखा नदी (मानगो पुल स्थल)
खतरे का स्तर: 121.50 मीटर
वर्तमान जलस्तर: 120.38 मीटर
खरकई नदी (आदित्यपुर पुल स्थल)
खतरे का स्तर: 129 मीटर
वर्तमान जलस्तर: 129.09 मीटर
खरकई खतरे के पार, स्वर्णरेखा बस एक कदम पीछे
जहाँ स्वर्णरेखा अभी खतरे के स्तर से थोड़ी नीचे बह रही है, वहीं खरकई नदी पहले ही खतरे के निशान को पार कर चुकी है. यह स्थिति प्रशासन और नागरिकों दोनों के लिए सतर्कता का संकेत है. बाढ़ जैसी आपदा से बचाव के लिए सावधानी ही सबसे बड़ा उपाय है. प्रशासन ने राहत व बचाव दलों को तैनात कर दिया है और नावों व आपातकालीन साधनों की व्यवस्था की जा रही है.

