
उदित वाणी, जमशेदपुर : मनरेगा योजना का नाम बदलने के प्रस्ताव के खिलाफ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने सोमवार को केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. पार्टी कार्यकर्ता साकची गोलचक्कर पर जुटे और केंद्र सरकार का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की.
पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार भगवान राम के नाम पर राजनीति कर रही है और महात्मा गांधी के नाम को समाप्त करने की साजिश रच रही है. उनका कहना था कि मनरेगा का नाम बदलना देश की आम जनता और मजदूर वर्ग की भावनाओं से खिलवाड़ है, इसलिए प्रस्तावित जी-राम-जी बिल को तुरंत वापस लिया जाना चाहिए और योजना का नाम मनरेगा ही बरकरार रखा जाए.
नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है और देश की संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने की प्रक्रिया को बढ़ावा दे रही है. प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए साकची गोलचक्कर पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया.

