
उदित वाणी, जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में मंगलवार को संविधान दिवस के अवसर पर एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को संविधान की प्रति पर हाथ रखकर शपथ दिलाई. कार्यक्रम का उद्देश्य संविधान के प्रति सम्मान, संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण और कर्तव्यों के निर्वहन के संकल्प को और अधिक मजबूत करना था.
सुबह तय समय पर एसएसपी कार्यालय परिसर में सभी पुलिस पदाधिकारी एवं जवान एकत्र हुए. इसके बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने संविधान प्रस्तावना का वाचन कराया और सभी को देश की संप्रभुता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प दिलाया. शपथ ग्रहण के दौरान पुलिसकर्मियों ने दृढ़ आवाज में दोहराया कि वे अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करेंगे और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा में सदैव तत्पर रहेंगे.
इस अवसर पर एसपी ग्रामीण ने कहा कि संविधान केवल दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की आत्मा है, जो नागरिकों और पुलिस दोनों को दिशा देता है. उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को याद दिलाया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ मानवाधिकारों की रक्षा करना और निष्पक्षता से कार्य करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है.
कार्यक्रम में एसएसपी कार्यालय के विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी, जवान और स्टाफ उपस्थित रहे. सभी ने संविधान दिवस को राष्ट्रनिर्माण के प्रतीक के रूप में मनाते हुए संवैधानिक कर्तव्यों के पालन का संकल्प दोहराया. समारोह के अंत में राष्ट्रगान हुआ और अधिकारी-कर्मियों ने सामूहिक रूप से देशहित में कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की.

