
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले गुरुवार को साकची स्थित प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के सामने केंद्र सरकार की नीतियों और बढ़ती गैस कीमतों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने किया।
अनोखे तरीके से किया प्रदर्शन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराने के लिए नाली में पाइप लगाकर गैस निकालने का प्रयास किया और उसी से चूल्हा जलाकर चाय और पकौड़ा बनाने की कोशिश की। इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन के जरिए कार्यकर्ताओं ने गैस की कमी और बढ़ती कीमतों पर सरकार को घेरने का प्रयास किया।
केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पहले किए गए कई दावे आज मिथ्या साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों से आम जनता परेशान है। साथ ही उन्होंने नोटबंदी, कोरोना काल में ताली-थाली बजाने जैसे फैसलों का भी जिक्र करते हुए सरकार की नीतियों की आलोचना की।
उन्होंने यह भी कहा कि देश की जनता ने केंद्र सरकार को बार-बार समर्थन दिया, लेकिन इसके बावजूद जनता को अपेक्षित राहत नहीं मिल रही है। ऐसे में लोगों को सजग और जागरूक होने की जरूरत है।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश महामंत्री विजय खान, कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह, के.के. शुक्ला, जसवंत सिंह जस्सी, सुखदेव सिंह मल्ली, चिन्ना राव, राजेश चौधरी, सामंत कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

