
नई दिल्ली: मानगो नगर निगम की नव-निर्वाचित मेयर सुधा गुप्ता एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने मंगलवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान खड़गे ने दोनों नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए मेयर पद पर जीत की बधाई दी.
शहर के विकास और जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान मानगो नगर निगम क्षेत्र के विकास, शहर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई.
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा हमेशा गरीब, वंचित और आम जनता के हितों की रक्षा करने वाली रही है. उन्होंने सुधा गुप्ता से अपेक्षा जताई कि वह मेयर के रूप में जनता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें.
जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का भरोसा
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष से हुई यह मुलाकात उनके लिए प्रेरणादायक रही. उन्होंने भरोसा दिलाया कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल, सड़क और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया जाएगा.
इस मौके पर बन्ना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व के मार्गदर्शन में क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी. उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए संगठन के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा.
कांग्रेस नेतृत्व ने दोनों नेताओं को भविष्य के कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं.

