
उदित वाणी, रांची : झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने आज अपनी पत्नी और जुगसलाई नगर परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष नौशीन खान के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन अंसारी और मुख्यमंत्री की पत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन से झारखंड विधानसभा में शिष्टाचार मुलाकात की. इस अवसर पर जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी भी उपस्थित थे.
पुष्पगुच्छ भेंट कर दी शुभकामनाएं
हिदायतुल्लाह खान और नौशीन खान ने मुख्यमंत्री और उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्तियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नौशीन खान को जुगसलाई नगर परिषद के हालिया चुनाव में शानदार जीत पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
विकास और जनकल्याण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नौशीन खान अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए जुगसलाई क्षेत्र के विकास, बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य करेंगी. मंत्री हफीजुल हसन और विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने भी उन्हें जीत की बधाई दी.
हिदायतुल्लाह खान ने जताया आभार
हिदायतुल्लाह खान ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के मार्गदर्शन और सहयोग से जुगसलाई में विकास कार्यों को गति मिलेगी और जनकल्याण की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा.
नौशीन खान का संकल्प
नौशीन खान ने कहा कि जनता के विश्वास पर खरा उतरने का वे हर संभव प्रयास करेंगी. उन्होंने कहा कि जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र को विकास, स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं और सामाजिक सौहार्द के दृष्टिकोण से आदर्श क्षेत्र बनाने के लिए वे गंभीरता से कार्य करेंगी. नौशीन ने यह भी स्पष्ट किया कि जनसेवा उनकी पहली प्राथमिकता होगी और वे सभी वर्गों को साथ लेकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगी.

