
उदित वाणी, जमशेदपुर : महान लोकआस्था के पर्व *छठ* के पावन अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, जमशेदपुर शाखा ने समाजसेवा का परिचय देते हुए शुक्रवार को डी.बी. रोड चौक एवं नया बाज़ार चौक पर 351 किलोग्राम लौकी का निःशुल्क वितरण किया.

छठ पर्व सूर्य उपासना एवं शुद्धता का प्रतीक है. इस अवसर पर मंच के सदस्यों ने व्रतधारियों और श्रद्धालुओं के प्रति अपनी श्रद्धा एवं समर्पण भावना व्यक्त की. लौकी (कद्दू-भात) वितरण कार्यक्रम में मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा सेवा, संस्कार और संगठन की भावना को सशक्त किया.
कार्यक्रम के दौरान मंच अध्यक्ष विकास शर्मा, सचिव हेमंत अग्रवाल (हर्ष), कोषाध्यक्ष अनूप शर्मा, अंगदान संयोजक संजय अग्रवाल, गौ सेवा संयोजक राजकुमार मित्तल, तथा स्वास्थ्य संयोजक संदीप अग्रवाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे.

मंच परिवार ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक कार्यों के माध्यम से समाज में आपसी एकता, सहयोग और सेवा की भावना को प्रबल करना ही मंच का मुख्य उद्देश्य है. उन्होंने सभी से छठ मइया से आशीर्वाद की कामना की कि वे सभी भक्तों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें.

