
उदित वाणी, जमशेदपुर : केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सोनारी और परसुडीह क्षेत्र का सघन दौरा किया. इस दौरे का उद्देश्य स्थानीय अखाड़ा समितियों से मुलाकात कर उनके सुझावों और समस्याओं को जानना था. केंद्रीय समिति के अध्यक्ष आशुतोष सिंह के नेतृत्व में यह दौरा संपन्न हुआ.
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न अखाड़ा समितियों से उनके अखाड़े में जाकर चर्चा की और विसर्जन सहित अन्य व्यवस्थाओं पर उनके सुझाव प्राप्त किए. परसुडीह क्षेत्र में नमो टोला अखाड़ा समिति ने बताया कि उनकी शोभायात्रा में महिलाओं की संख्या अधिक रहती है और पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की. इसी तरह, शिव मंदिर अखाड़ा समिति के संचालक ने भी पर्याप्त सुरक्षा की आवश्यकता जताई.
सोनारी क्षेत्र के अखाड़ा समितियों ने स्थानीय समस्याओं पर ध्यान दिलाया, जिसमें प्रमुख रूप से गंदगी का ढेर, खराब स्ट्रीट लाइट और अतिक्रमण शामिल हैं. केंद्रीय समिति ने सभी बिंदुओं का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया.
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी जाना कि सोनारी क्षेत्र में पिछले वर्षों में शोभायात्रा के दौरान विलंब होता था, लेकिन पिछले वर्ष सभी प्रयासों से इसे समय पर संपन्न कराया गया. इस वर्ष भी समितियां प्रयासरत हैं कि विसर्जन समय पर पूरा हो.
केंद्रीय समिति ने आने वाले दिनों में अन्य अखाड़ा समितियों से भी मुलाकात कर उनके सुझाव प्राप्त करने की योजना बनाई है. इस दौरे में केंद्रीय समिति के महासचिव भूपेंद्र सिंह, संरक्षक भीष्म सिंह, उपाध्यक्ष परमात्मा मिश्रा, गौतम प्रसाद, सचिव मनीष कुमार विजय वर्धा, अनमोल वर्मा और किशोर साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे.

