
उदित वाणी जमशेदपुर : फ्लैट दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी के आरोप में आदित्यपुर के बिल्डर अजय अग्रवाल की गिरफ्तारी ने शहर में हलचल मचा दी है। साकची थाना पुलिस ने मंगलवार को उसे रांची से गिरफ्तार कर शाम में थाना लाया, जहां देर रात तक उससे गहन पूछताछ जारी रही।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 26 नवंबर 2025 को अजय अग्रवाल के खिलाफ करीब 1.25 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि उसने कई लोगों से फ्लैट देने के नाम पर बड़ी रकम वसूली, लेकिन न तो फ्लैट दिया और न ही पैसे लौटाए। मामले में कोर्ट से वारंट जारी होने के बाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर उसे रांची से दबोचा गया।
गिरफ्तारी की खबर फैलते ही उसके पक्ष में हाई लेवल पैरवी शुरू हो गई। हालांकि, देर रात तक पुलिस ने उसे रिहा नहीं किया था और कानूनी प्रक्रिया जारी रही।
इधर, साकची थाना में देर रात तक लोगों की भीड़ लगी रही। कुछ लोग जहां आरोपी के समर्थक थे, वहीं कई पीड़ित भी अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। गोलमुरी के एक सीमेंट कारोबारी ने आरोप लगाया कि अजय अग्रवाल ने उससे 4-5 लाख रुपये का सीमेंट लिया, लेकिन भुगतान किए बिना ही मोबाइल बंद कर फरार हो गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है और अन्य पीड़ितों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस गिरफ्तारी के बाद शहर में रियल एस्टेट कारोबार को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।

