उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली नगर परिषद के सामने स्थित एक पूल के पास शनिवार को एक युवक पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, लगभग 20 वर्षीय फरदीन खान उर्फ फैसल, जो आजादनगर ईदगाह मैदान के पास रहता है, चिकन कारोबारी फरीद खान का बेटा है। वह शनिवार दोपहर कारोबार के सिलसिले से कपाली इलाके में आया था।
इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने अचानक फरदीन पर चापड़ से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमलावरों ने उसके चेहरे को निशाना बनाया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे ब्रह्मानंद अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत नाज़ुक होने पर परिजनों ने उसे टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
फरदीन के दोस्तों का कहना है कि यह हमला किसी पुराने विवाद का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस वारदात के पीछे गोलमुरी का कुख्यात अपराधी ‘राजा चापड़’ का हाथ है। दोस्तों का दावा है कि राजा चापड़ पर पहले भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह इलाके में कई वारदातों में शामिल रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कपाली और आसपास के क्षेत्रों में इस तरह की घटनाओं से लोग सहमे हुए हैं। उनका कहना है कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे दिनदहाड़े हमला करने से भी नहीं हिचकते।
घटना की जानकारी मिलते ही कपाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित के बयान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस से कड़े कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल फरदीन की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की एक टीम उसकी निगरानी में लगी हुई है।


