
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना अंतर्गत स्थित गरीब नवाज़ कॉलोनी निवासी युवक इरशाद का शव सोमवार की शाम खरकाई नदी से बरामद किया गया. बताया जा रहा है कि इरशाद रविवार दोपहर से लापता था. सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे शास्त्रीनगर इलाके में लोगों ने नदी में तैरता हुआ शव देखा और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी. जानकारी मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर एमजीएम अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया. पुलिस मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराएगी.
इरशाद की पहचान उसके परिजनों ने कर ली है. घर में कोहराम मच गया है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि रविवार दोपहर इरशाद रेलवे ब्रिज के नीचे खरकाई नदी में नहाने गया था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा. कुछ देर बाद नदी किनारे उसके कपड़े और चप्पलें मिलीं, जिससे लोगों को शक हुआ कि वह नहाने के दौरान डूब गया होगा.
इरशाद की मां ने बताया कि जब वह घर से निकला था, तब वह नशे की हालत में था. शाम तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली. इसके बाद जुगसलाई पुलिस और गोताखोरों की टीम ने नदी में उसकी तलाश शुरू की थी, जो अंधेरा होने के कारण रविवार रात रोक दी गई थी. सोमवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन देर शाम शास्त्रीनगर इलाके में उसका शव तैरता हुआ मिला.
फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक की मौत डूबने से हुई या किसी अन्य कारण से.

