
उदित वाणी जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र में दोस्तों के बीच शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। संकोसाई स्थित रामनगर निवासी राजा बनर्जी पर उसके ही दोस्त ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना टावर मैदान के पास की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार राजा बनर्जी अपने दोस्तों राजू सिंह, बापी और केदार के साथ टावर मैदान में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर राजा बनर्जी और राजू सिंह के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामूली बहस गाली-गलौज में बदल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
बताया जाता है कि गुस्से में आकर राजू सिंह ने अपने पास रखा चाकू निकाल लिया और राजा बनर्जी के पेट तथा चेहरे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से वहां मौजूद लोग भी घबरा गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजा बनर्जी को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शी केदार ने बताया कि राजू सिंह हाल ही में 3 मार्च को जेल से बाहर आया है। वह बाइक चोरी के मामले में पहले जेल गया था। उधर, पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। उलीडीह थाना पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
