
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना अंतर्गत घाघीडीह क्षेत्र में भाजपा के मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार के साथ कथित तौर पर कुछ लोगों ने बेरहमी से मारपीट की. घटना में आनंद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई.
घायल भाजपा नेता आनंद कुमार ने बताया कि उन पर अचानक हमला किया गया. उनके अनुसार, अमित कुमार और उसका बेटा लक्ष्य कुमार ने मिलकर उनके साथ मारपीट की. आनंद कुमार का आरोप है कि दोनों ने बिना किसी उकसावे के उन पर हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह पीटा. इस हमले में उन्हें काफी गंभीर चोटें आई हैं.
आनंद कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनकी हत्या करने की नीयत से हमला किया. फिलहाल वे अस्पताल में इलाजरत हैं और डॉक्टर उनकी स्थिति पर निगरानी रखे हुए हैं.
घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है. मामले को लेकर पुलिस जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है. इस घटना के बाद क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष देखा जा रहा है.

