
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बाहर बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब दो गुटों के बीच शुरू हुई सामान्य कहासुनी देखते-ही-देखते मारपीट में बदल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शाम करीब 6 बजे कॉम्प्लेक्स के मुख्य द्वार के पास कुछ स्टूडेंट्स खड़े थे. इसी दौरान करीब 6–7 युवक वहां पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से धक्का-मुक्की व जमकर हाथापाई होने लगी.
घटना के दौरान अफरा-तफरी तब और बढ़ गई जब बाहर से आए ग्रुप के युवक मारपीट शुरू होते ही मौके से भागने लगे, लेकिन एक युवक भीड़ में फंस गया. इसके बाद दूसरे गुट के लड़कों ने उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. अचानक हुई इस झड़प से आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और कुछ ही मिनटों में बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए. कई स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तब जाकर स्थिति कुछ हद तक नियंत्रित हो सकी.

घटना की सूचना कुछ लोगों द्वारा पुलिस तक पहुंचाए जाने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस की ओर से अब तक यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि किसी भी पक्ष ने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है या नहीं. वहीं, सूत्रों के अनुसार मारपीट का वीडियो स्थानीय लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड किया है, जो आगे की जांच में अहम भूमिका निभा सकता है.
घटना किस वजह से हुई यह स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विवाद किसी बेहद छोटी बात को लेकर शुरू हुआ, जो अचानक बिगड़कर मारपीट में बदल गया. जेआरडी कॉम्प्लेक्स के आसपास शाम को बड़ी संख्या में युवा जुटते हैं, ऐसे में इस तरह की अचानक हिंसक झड़प ने लोगों में चिंता बढ़ा दी है. पुलिस मामले की जांच कर दोनों गुटों से पूछताछ करने की तैयारी में जुटी है.

