
उदित वाणी, जमशेदपुर : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती तथा झारखंड स्थापना दिवस (25वां) के अवसर पर जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम की ओर से शनिवार को भव्य जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा प्रतिष्ठित नाट्य संस्था ‘पथ – पीपुल्स एसोसिएशन फॉर थियेटर’ द्वारा प्रस्तुत नाटक Birsa – Avismaraniya Yoddha.

नाटक ने बिरसा मुंडा के अदम्य संघर्ष, उलगुलान की चेतना और अबुआ दिशुम–अबुआ राज की परिकल्पना को जीवंत रूप में पेश किया. कलाकारों की प्रस्तुति ने दर्शकों को बिरसा के साहस, न्यायप्रियता और उनके सामाजिक योगदान से रूबरू कराया.

मुख्य भूमिका में स्वरूप–राजकुमार दास ने बिरसा मुंडा का सशक्त और प्रभावी अभिनय कर दर्शकों का दिल जीत लिया. उनके साथ प्रिया यादव, विकास कुमार, रूपेश प्रसाद, पूजा मुखी, अंकिता कुमारी, नताशा, आशीष समेत सभी कलाकारों ने उम्दा अभिनय किया. नाटक का निर्देशन मोहम्मद निज़ाम ने किया जबकि सह-निर्देशन की जिम्मेदारी छवि दास ने निभाई.

प्रदर्शन की समाप्ति पर पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा. दर्शकों ने Ulgulan! Ulgulan! और Abua disum – Abua raj! जैसे नारों से उत्साह व्यक्त करते हुए बिरसा मुंडा के बलिदान को नमन किया. इस अवसर पर जिला उपयुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे.


