
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान पद का चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हो गया. संगत के अभूतपूर्व एकतरफा समर्थन के साथ सरदार भगवान सिंह को अगले तीन वर्षों के लिए दोबारा प्रधान चुना गया.
अरदास के साथ शुरू हुई चुनाव प्रक्रिया
चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत गुरु महाराज के चरणों में अरदास के साथ की गई. इसके बाद कमेटी के महासचिव जसवंत सिंह ने पिछले तीन वर्षों का लेखा-जोखा संगत के सामने प्रस्तुत किया.
इसके बाद प्रधान भगवान सिंह ने अपने कार्यकाल में किए गए कार्यों की जानकारी दी और संगत से नए प्रधान के चयन की प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया.
संगत की ओर से आया सिर्फ एक नाम
सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (CGPC) के चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह और गुरमीत सिंह ने ट्रस्टी कृपाल सिंह सोखी की अनुमति से चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाई. संगत से प्रधान पद के लिए नाम मांगे गए, लेकिन केवल भगवान सिंह का ही नाम सामने आया.
सीजीपीसी के अधिकारियों ने अन्य इच्छुक लोगों को भी नाम देने का अवसर दिया, लेकिन कोई अन्य उम्मीदवार सामने नहीं आया. इसके बाद मौजूद संगत, स्त्री सत्संग सभा और नौजवान सभा के सदस्यों ने “बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयकारों के बीच भगवान सिंह को सर्वसम्मति से प्रधान पद के लिए समर्थन दे दिया.
इसके बाद सीजीपीसी की ओर से औपचारिक रूप से उन्हें अगले तीन वर्षों के लिए प्रधान घोषित कर दिया गया. इस अवसर पर सीजीपीसी और संगत की ओर से उन्हें सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया.
संगत के समर्थन के लिए जताया आभार
अपने संबोधन में भगवान सिंह ने संगत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगत के एकतरफा समर्थन को देखते हुए वह इस सेवा को विनम्रता के साथ स्वीकार करते हैं. उन्होंने बताया कि जल्द ही नई कार्यकारिणी कमेटी का गठन कर इसकी घोषणा की जाएगी.
बैठक में रहे ये लोग मौजूद
बैठक में सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चेयरमैन शैलेंद्र सिंह, गुरमीत सिंह, वरीय उपाध्यक्ष सुरजीत सिंह खुशीपुर, सुखविंदर सिंह राजू, महासचिव अमरजीत सिंह, गुरुचरण सिंह बिल्ला, कोषाध्यक्ष गुरनाम सिंह, सलाहकार परविंदर सिंह सोहल, सुखदेव सिंह बिट्टू, चरणजीत सिंह, सुरेंद्र सिंह शिंदे सहित बड़ी संख्या में संगत के सदस्य मौजूद थे.
मानगो गुरुद्वारा के ट्रस्टी कृपाल सिंह सोखी, कुलविंदर सिंह पन्नू, इंदर सिंह, इकबाल सिंह, मलकीत सिंह, संतोष सिंह, तोकी सिंह, हरभजन सिंह बिट्टू, जसवंत सिंह जस्सू, सुखवंत सिंह सुक्कू, हरदीप सिंह दीप समेत कई लोग बैठक में उपस्थित रहे.
स्त्री सत्संग सभा की बैठक भी संपन्न
प्रधान चुनाव से पहले मानगो स्त्री सत्संग सभा की भी बैठक हुई. बैठक में वर्तमान प्रधान सुखवंत कौर और महासचिव गुरप्रीत कौर को अगले तीन वर्षों के लिए फिर से चुना गया. इस अवसर पर लखविंदर कौर, सुरेंद्र कौर, त्रिलोचन कौर सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित थीं.

