
उदित वाणी, जमशेदपुर : सदर अस्पताल परिसर में तैयार किया गया 100 बेड का फ्री (प्री) फैब्रिकेटेड अस्पताल इसी महीने शुरू होने की संभावना है. अस्पताल के उद्घाटन के बाद इलाज के लिए आवश्यक अधिकांश सामान उपलब्ध करा दिए गए हैं, जबकि शेष उपकरण और सामग्री अगले एक सप्ताह के भीतर पहुंचने की उम्मीद है. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अस्पताल को जल्द ही मरीजों के लिए खोल दिया जाएगा. इस प्री-फैब्रिकेटेड अस्पताल में फिलहाल पोर्टेबल एक्स-रे और सामान्य जांच सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी. बड़े एक्स-रे और अन्य अत्याधुनिक जांच मशीनों के लिए मरीजों को सदर अस्पताल के मुख्य भवन में भेजा जाएगा. विभाग का कहना है कि यह व्यवस्था अस्थायी रूप से की गई है ताकि मरीजों को त्वरित इलाज मिल सके.
मेडिकल ऑफिसरों की भर्ती प्रक्रिया भी शुरू
इधर, 100 बेड के इस नए अस्पताल में मरीजों के इलाज को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए नए मेडिकल ऑफिसरों की भर्ती प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है सोमवार को इसके लिए साक्षात्कार आयोजित किया गया, जिसमें 10 से अधिक एमबीबीएस डॉक्टर शामिल हुए. चयनित डॉक्टरों की ड्यूटी प्रत्येक शिफ्ट में एक-एक के हिसाब से लगाई जाएगी, जबकि अन्य डॉक्टर सदर अस्पताल के मुख्य भवन की इमरजेंसी सेवाओं को भी संभालेंगे. साक्षात्कार में विभिन्न स्थानों से डॉक्टरों ने आवेदन किया.

