
उदित वाणी, जमशेदपुर : शास्त्रीय संगीत के प्रति समर्पित संस्था बंशी बोस म्यूजिक फाउंडेशन की ओर से 10 जनवरी संध्या 5.30 बजे से बिष्टुपुर स्थित पितृछाया प्रेक्षागृह में एक शास्त्रीय संगीत संध्या का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का शुभारंभ एक्सएलआरआई के पूर्व प्रोफेसर डॉ.शरद सरीन, जेएमसी के अध्यक्ष अनिरुद्ध सेन, लेखिका श्रीमती विभा मिश्रा, जेएमसी की उपाध्यक्ष रोहिणी जी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. इस कार्यक्रम में देश के प्रख्यात सितार वादक पंडित अंजन चट्टोपाध्याय उपस्थित होकर अपना सितार वादन पेश किए.
उन्होंने सितार पर राग मालगुंजी में आलाप, जोड़, झाला बजाकर विलंबित और द्रुत तीनताल में बंदिशें पेश की. उनका स्वर विन्यास, रागदारी, लयकारी, तान, तिहाई, द्रुत झाला आदि मौजूद श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. तबले पर तबला वादक स्वरूप मोइत्रा ने बखूबी साथ निभाया. उन्होने उठान, पेशकार, टुकड़ा, साथ संगत कर लोगों का खूब मनोरंजन किया. देर शाम तक लोग दोनों का वादन का आनंद लेते रहे. इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ नगर में शहर के उभरते हुए सितार वादक रियन बोस ने राग देश में आलाप, जोड़, झाला के साथ तीनताल में खूबसूरत बंदिशें पेश किया. उनके साथ तबले पर कार्तिक कर्मकार ने संगत किया.
दूसरे चरण में नवोदित गायिका तानिया राय ने ख्याल गायन पेश किया
कार्यक्रम के दूसरे चरण में उभरती गायिका तानिया राय शेखावत ने राग यमन में ख्याल गायन पेश किया. उन्होंने प्रसिद्ध रचना “मैं बारी बारी जाऊंगी” गाकर लोगों का मनोरंजन किया. उनके साथ हारमोनियम पर उनके गुरु तथा विख्यात गायक अंजन रॉय तथा तबला पर कार्तिक कर्मकार ने संगत किया. इस कार्यक्रम में समाज में सराहनीय कार्य हेतु टिमकेन वर्कर्स यूनियन के महासचिव विजय यादव तथा गायक अंजन रॉय को संगीत के प्रति समर्पण के लिए संस्था की ओर से सम्मानित किया गया. इस अवसर पर एक स्मारिका का विमोचन हुआ. कार्यक्रम को सफल बनाने में अशोक बोस, गौतम कुमार बोस, सुभाष बोस, हराधन प्रामाणिक, अशोक दास, अशोक कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह, रीतम बोस, प्रदीप भट्टाचार्य की सक्रिय भागीदारी रही.

