
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक बागबेड़ा रोड नंबर-3 स्थित एसकेएल दास के घर में बुधवार रात चोरी की वारदात हुई। परिवार के सदस्य दो-तीन दिन पहले धनबाद गए हुए थे। घर की देखरेख के लिए शंकर सिंह रात में वहां सोने आते थे, लेकिन घटना वाली रात वे किसी जरूरी काम से गोविंदपुर चले गए थे। इसी मौके का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर के अंदर घुसकर अलमारी खंगाल डाली।
गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे जब शंकर सिंह घर पहुंचे तो उन्होंने दरवाजे का ताला टूटा देखा। आवाज लगाने पर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद उन्हें चोरी का अंदेशा हुआ। उन्होंने तुरंत घर मालिक एसकेएल दास को फोन कर सूचना दी।
परिजनों के अनुसार चोर एक जोड़ी पायल, दस चांदी के सिक्के, बिछिया समेत अन्य आभूषण और अलमारी में रखे करीब पांच हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों का सुराग तलाश रही है।

