
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के प्रधान टोला स्थित छोटा शिव मंदिर के पास पारिवारिक विवाद से जुड़ा मारपीट और लज्जा भंग का मामला सामने आया है। पीड़िता की ओर से इस संबंध में आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामले में आवेदन पहले कोर्ट में दिया गया था, जिसके बाद अदालत के आदेश पर बागबेड़ा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
आरोपियों में बागबेड़ा प्रधान टोला निवासी अभिजीत मिश्रा उर्फ भोलू, अभय मिश्रा उर्फ चिंटू, शुभा देवी और चंपा देवी के अलावा हरहरगुट्टू कृष्णापुरी की प्रीति मिश्रा उर्फ मुद, सुधीर कुमार मिश्रा तथा गोविंदपुर यशोदानगर निवासी मोहन ओझा और रूपा ओझा शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार घटना 27 मई 2024 से 20 जून 2024 के बीच की बताई जा रही है। इसी अवधि में दोनों पक्षों के बीच दुकान को लेकर विवाद बढ़ गया था। पीड़िता का आरोप है कि विवाद के दौरान सभी आरोपियों ने एकमत होकर उसके साथ मारपीट की, उसकी लज्जा भंग की तथा जबरन दुकान का ताला तोड़कर भीतर रखे रुपये निकाल लिए। पीड़िता ने इसे गंभीर मामला बताते हुए न्यायालय से हस्तक्षेप की मांग की थी।
कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की भी पुष्टि की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

