
उदित वाणी जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गणेश नगर में रिश्तों को कलंकित करने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। यहां रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने रिश्ते के भाई मारूति नंदन को बिहार के भोजपुर जिला से बुलाकर अपने घर में पनाह दी थी। वह अपने इस रिश्तेदार को रोजगार दिलाना चाहता था और इसके लिए नौकरी की तलाश भी कर रहा था। लेकिन इसी भरोसे के साथ धोखा करते हुए मारूति नंदन ने उसके घर की ढाई साल की मासूम बेटी को अपनी हवस का शिकार बना डाला।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को जब परिवार के सभी सदस्य किसी काम से बाहर गए थे, तब आरोपी ने इस शर्मनाक वारदात को अंजाम दिया। परिवार के लौटने पर बच्ची ने रोते हुए पूरी घटना परिजनों को बताई। मासूम की आपबीती सुनकर वे दंग रह गए और तुरंत बागबेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और रविवार को आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में मारूति नंदन ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी बिहार के भोजपुर जिला के पियारो थाना क्षेत्र के बैशडीह गांव का रहने वाला है और तीन महीने पहले रोजगार की तलाश में जमशेदपुर आया था।
पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच कराई है और जल्द ही उसका बयान कोर्ट में दर्ज कराया जाएगा। बागबेड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।
इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि आरोपी को कठोर से कठोर सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की घिनौनी हरकत करने से पहले सौ बार सोचने पर मजबूर हो।
