
उदित वाणी जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र में रैयती जमीन पर अवैध कब्जा कर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. इस संबंध में पीड़ित ने आजादनगर थाने में लिखित शिकायत देकर चार नामजद आरोपियों सहित एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
मानगो थाना क्षेत्र के रोड नंबर-4 निवासी 65 वर्षीय मो. यूसुफ ने आरोप लगाया है कि पिछले करीब तीन महीनों से कुछ लोग उनकी रैयती जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं और लगातार रंगदारी की मांग कर रहे हैं. पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने 8 सितंबर 2025 से लेकर 7 मार्च 2026 के बीच कई बार उन्हें धमकाया और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी.
इस मामले में जिन लोगों को आरोपी बनाया गया है उनमें आजादनगर ओल्ड पुरूलिया रोड जाकिरनगर निवासी गुलाम नबी, जाकिरनगर कुली रोड का ताहीर, कुमरूम बस्ती मेन रोड का छोटा हांसदा उर्फ बास्को माझी तथा डिमना बस्ती सरकारी स्कूल के पास रहने वाला सोमू माझी शामिल हैं. इसके अलावा एक अज्ञात व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है.
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने बिना किसी वैध दस्तावेज के उनकी रैयती जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया है. इतना ही नहीं, कथित तौर पर कुछ अपराधियों से सांठ-गांठ कर उनसे रंगदारी की मांग की जा रही है. विरोध करने पर उन्हें जाति के आधार पर अपमानित करने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई.
लगातार मिल रही धमकियों और दबाव से परेशान होकर अंततः मो. यूसुफ ने आजादनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपों की सत्यता की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

