
उदित वाणी, जमशेदपुर : पुलिस ने शहर में सक्रिय ऑटो चोरी गैंग का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों में कपाली निवासी मो. रईस, सौकत अली और मो. असगर उर्फ लारिया शामिल हैं. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर सात चोरी की ऑटो, 16 फर्जी नंबर प्लेट, दो आरसी और कई ऑटो पार्ट्स बरामद किए हैं.
बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से चोरी की ऑटो की खरीद-बिक्री और पार्ट्स बेचने का धंधा चला रहा था. जांच में सामने आया कि आरोपी सौकत अली शहर और आसपास के इलाकों में ऑटो चोरी करता था. चोरी की गाड़ियों के इंजन और चेसिस नंबर से छेड़छाड़ करने का काम मो. रईस करता था. वह फर्जी कागजात तैयार कर गाड़ियों को बेच देता था.
पुलिस के अनुसार, यह गैंग जमशेदपुर के अलावा रांची, सरायकेला समेत अन्य जिलों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है. वहीं, कपाली स्थित रईस के ऑटो गैरेज में चोरी की गाड़ियों को अलग-अलग कर उनके पार्ट्स बेचे जाते थे. बरामद किए गए पार्ट्स और नंबर प्लेट से स्पष्ट है कि इस नेटवर्क का दायरा बड़ा था.
सिटी एसपी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और संभावना है कि गिरोह से जुड़े और भी नाम सामने आएंगे. उन्होंने कहा कि चोरी के ऑटो धंधे के इस बड़े खुलासे से पुलिस को शहर में बढ़ रही घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी. पुलिस इस मामले को बड़ी सफलता मान रही है और आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई है.

