
उदित वाणी जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के अनंतनगर निवासी त्रिशाला पाठक ने दिल्ली के साधनगर-2 में रहने वाले अपने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। त्रिशाला की शादी 4 फरवरी 2024 को शादी.कॉम के माध्यम से सौरभ कुमार से हुई थी। शादी के बाद वह दिल्ली में ससुराल चली गई थी। कुछ महीने तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन फिर उस पर दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से अत्याचार शुरू हो गया।
त्रिशाला ने थाने में आवेदन देकर बताया कि ससुराल पक्ष ने शुरुआत में 2 लाख रुपये की मांग की थी। मायके वालों ने यह रकम सौरभ के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी थी। पैसा मिलते ही ससुराल वालों का लालच और बढ़ गया। उन्होंने दूसरी बार 10 लाख रुपये की मांग रख दी। जब मायके वालों ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, तो त्रिशाला को प्रताड़ित किया जाने लगा।
आरोप है कि त्रिशाला को यह तक कहा गया कि उसके मायके वाले गोविंदपुर का मकान बेच दें और दिल्ली आकर बस जाएं। साथ ही 10 लाख रुपये नकद दें। ऐसा न करने पर त्रिशाला को लगातार प्रताड़ना दी गई और अंततः घर से निकाल दिया गया।
त्रिशाला ने पति सौरभ कुमार के साथ-साथ ससुर जयशंकर, सास रिंबू झा, ननद दीक्षा कुमारी और एक अन्य रिश्तेदार तरुण सिंह को नामजद आरोपी बनाया है। सभी वर्तमान में दिल्ली के साधनगर-2 में रहते हैं, जबकि मूल रूप से बिहार के बेगूसराय जिले के पीपरा स्थित निराला नगर, डीजी कॉलोनी के निवासी हैं।
फिलहाल त्रिशाला जमशेदपुर स्थित अपने मायके में रह रही है। उसने गोविंदपुर थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पीड़िता ने कहा है कि उसे न केवल आर्थिक तौर पर बल्कि मानसिक और शारीरिक रूप से भी प्रताड़ित किया गया है।
