
उदित वाणी आदित्यपुर: दिन्दली बाजार, आदित्यपुर के दुकानदारों को जल_जमाव की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है, जिसके कारण स्थानीय दुकानदारों में नाराजगी व्याप्त है. इसका कारण दिन्दली बाजार में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था का अभाव बताया जाता है. जानकारी के अनुसार, वारिश के बाद दिन्दली बाजार में जल_जमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है. सोमवार को हुई बारिश के कारण दिन्दली बाजार का मुख्य मार्ग तालाब में तब्दील हो गया है और एकत्रित गंदा पानी दुकानों में प्रवेश करने लगा है. बताया जाता है कि इमली चौक से होकर हीं प्रतिदिन हजारों लोग दिन्दली बाजार में खरीददारी करने के लिए आते हैं. परन्तु उक्त रास्ते पर पानी भर जाने से आवाजाही ठप्प हो गया है. जल_जमाव की वजह से ग्राहक बाजार तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है. दुकानदारों के अनुसार, लगभग एक माह पूर्व ईमली चौक से सत्यों पान दुकान तक पीवीसी ब्लॉक लगाने का कार्य शुरू किया गया था. परन्तु आधे रास्ते तक काम करने के बाद आगे का हिस्सा खोदकर छोड़ दिया गया है. इससे सड़क ऊंची-नीची हो गई है और बारिश का पानी निकलने के बजाय एक जगह जमा होकर तालाब का रूप ले रहा है. अब दुकानदारों के समक्ष सबसे बड़ी समस्या यह है कि दिन्दली बाजार में एकत्रित पानी की समुचित निकासी कैसे सुनिश्चित की जाए?

