
उदित वाणी, रांची: चतरा के प्रतापपुर में पदस्थापित रहे पांच प्रखंड विकास पदाधिकारियों पर राज्य सरकार द्वारा एक ही मामले में कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है.
जिसके तहत सरकार ने प्रतापपुर के तत्कालीन बीडीओ मनोज कुमार गुप्ता, बन्धन लांग, केवल कृष्ण अग्रवाल, मो जहूर आलम व दिनेश कुमार गुप्ता पर विभागीय कार्यवाही चलाया जायेगा.
उक्त पांचों बीडीओ पर अपने पद पर रहते हुए सेवानिवृत पंचायत सेवक श्यामल कुमार आयकत को सामाजिक सुरक्षा अंतर्गत वृद्धा पेंशन वितरण के लिए दिए गये अग्रिम एवं असामयोजित राशि 1074200 रुपये के समायोजन व वापसी के लिए किसी तरह की कार्रवाई नहीं करने का आरोप है.
इस संबंध में 18 जनवरी 2019 को ही चतरा जिला के डीसी ने प्रपत्र क गठित कर कार्रवाई की अनुशंसा की थी. सेवानिवृत पंचायत सेवक को राशि देने को ग्रामीण विकास विभाग सह पंचायती राज विभाग ने गंभीरता से लिया था और पूरे मामले की जांच करायी गई थी तथा प्रथम दृष्टया जांच में आरोप प्रमाणित होने के बाद कार्मिक विभाग को कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी.
इसके बाद राज्य सरकार के कार्मिक विभाग ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच करके विभागीय कार्यवाही चलाने का निर्णय लिया है तथा जांच संचालन पदाधिकारी सेवानिवृत आईएएस अरविंद कुमार को बनाया गया है तथा झारखंड प्रशासनिक सेवा के उक्त पदाधिकारियों से 15 दिनों में जवाब भी मांगा गया है.
