
उदित वाणी जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र स्थित काशीडीह लाइन नंबर-3 में बुधवार देर रात एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक की पहचान रितेश कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घायल रितेश कुमार ने बताया कि वह बुधवार रात घर से टहलने के लिए निकला था। इसी दौरान वह काशीडीह स्थित काली मंदिर के पास पहुंचा। आरोप है कि वहां एक घर की छत से किसी व्यक्ति ने उसके ऊपर पानी फेंक दिया। इस पर जब रितेश ने इसका विरोध करते हुए सवाल किया तो छत पर मौजूद व्यक्ति उससे उलझ गया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
रितेश के अनुसार कुछ ही देर में वहां तीन अन्य लोग भी पहुंच गए और सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने अचानक चाकू निकाल लिया और उसके पेट में वार कर दिया। चाकू लगते ही रितेश घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। रितेश ने साकची थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घायल को तत्काल इलाज के लिए महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल भेज दिया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।
रितेश कुमार ने बताया कि वह गुरुवार सुबह साकची थाना जाकर हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएगा और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग करेगा। इधर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

